रिपोर्टः 10 साल में दोगुनी हो जायेगी देश की अर्थव्यवस्था

2018-07-01 0

मनीला। एशियाई विकास बैंक (एडीबी) के मुख्य अर्थशास्त्री यासुयूकी सवादा ने कहा है कि चालू वित्त वर्ष के दौरान भारत की सात प्रतिशत से अधिक अनुमानित आर्थिक वृद्धि दर आश्चर्यजनक रूप से काफी तेज है। उनका कहना है कि अगर यह गति बनी रहती है तो अर्थव्यवस्था का आकार एक दशक के भीतर ही दो गुना हो जाएगा। सवादा का यह बयान ऐसे समय में आया है जब भारत की अर्थव्यवस्था की रफ्तार पिछले वित्त वर्ष में सात फीसदी से कम रहने का अनुमान है। 

आठ फीसदी दर की चिन्ता न करें

सवादा ने कहा कि देश को आठ प्रतिशत आर्थिक वृद्धि दर हासिल नहीं करने को लेकर चिन्ता नहीं करनी चाहिए और इसकी बजाय आय विषमता दूर कर घरेलू मांग बढ़ाने पर गौर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हालांकि, आठ प्रतिशत वृद्धि दर प्राप्त करना फिलहाल भारत के लिए एक बड़ी चुनौती है। सात प्रतिशत वृद्धि भी अच्छा आंकड़ा है। 

इनसे मिलेगा अर्थव्यवस्था को दम

सवादा ने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था की वृद्धि को निर्यात की तुलना में घरेलू खपत से अधिक गति मिल रही है। यह पूछे जाने पर कि क्या निर्यात में तेजी आर्थिक वृद्धि को गति देने के लिए जरूरी है? उन्होंने कहा कि भारत की आधी आर्थिक वृद्धि दर निजी खपत पर आधरित है। उसके बाद निवेश का स्थान है और इसीलिए ऐसा जान पड़ता है कि घरेलू बाजार वृद्धि  में प्रमुख भूमिका निभाएगा।

ऐसे मिलेगा युवाओं को फायदा

एडीबी के मुख्य अर्थशास्त्री ने कहा कि उच्च वृद्धि दर हासिल करने में असमानता तथा गरीबी में कमी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी क्योंकि खपत से उत्पादन में तेजी आएगी और रोजगार बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि गरीब लोगों की आजीविका यदि बेहतर होती है, तो वे अच्छे ग्राहक हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि उच्च वृद्धि दर के लिए बाजार का विस्तार महत्वपूर्ण है। इसके अलावा आर्थिक वृद्धि को गति देने में सेवा क्षेत्र की भी अहम् भूमिका होगी। 

क्या है इस साल के अनुमान 

एडीबी ने भारत की आर्थिक वृद्धि दर 2018-19 में 7.3 प्रतिशत तथा 2019-20 में 7.6 प्रतिशत रहने का अनुमान जताया है। भारत की आर्थिक वृद्धि दर 2017-18 में 6.6 प्रतिशत रहने का अनुमान है जो कि इससे पिछले वर्ष 2016-17 के 7.1 प्रतिशत से कम है। सवादा ने कहा, ‘‘सात प्रतिशत वृद्धि आश्चर्यजनक रूप से काफी तेज है। अगर सात प्रतिशत वृद्धि 10 साल तक बनी रहती है तो अर्थव्यवस्था का आकार दो गुना हो जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘यह वृद्धि दर काफी तेज है और क्षेत्र की सबसे बड़े आकार वाली अर्थव्यवस्थाओं में से एक होने के चलते चालू वित्त वर्ष में 7.3 प्रतिशत तथा अगले वित्त वर्ष में 7.6 प्रतिशत की वृद्धि वास्तव में आश्चर्यजनक है। 

कितनी है भारत की अर्थव्यवस्था

भारतीय अर्थव्यवस्था का आकार 2500 अरब डॉलर है और इस लिहाज से यह दुनिया की छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। आर्थिक मामलों के सचिव सुभाषचन्द्र गर्ग ने हाल में कहा था कि देश की अर्थव्यवस्था दो गुनी होने के रास्ते पर है। और 2025 तक 5,000 अरब डॉलर की हो जाएगी।

ये भी पढ़ें-  अप्रैल में एक लाख करोड़ राजस्व का आंकड़ा छूने के बाद मई में घटा GST कलेक्शन


ये भी पढ़ें-  नोटबंदी-जीएसटी का असर खत्म, आर्थिक वृद्धि-दर पहुंची 7.7 प्रतिशत पर




मासिक-पत्रिका

अन्य ख़बरें

न्यूज़ लेटर प्राप्त करें